सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को कास्मेटिक की दुकान खोलने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे युवक की मौत हो गई।
सलोन कस्बे के मोहल्ला कच्ची मस्जिद निवासी मोहम्मद अल्ताफ (22) पुत्र मोहम्मद राइस की गणेशगंज बाजार में कास्मेटिक एवं चूड़ी की दुकान है। युवक सुबह बाइक से अपनी दुकान पर जा रहा था। सलोन-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राज्यमार्ग अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही युवक की मौत हो गई। डॉ. अमित सचान ने बताया कि युवक के सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।