माल। कस्बे में रविवार दोपहर 55 हजार के लेनदेन के विवाद में छह लोगों ने सैलून मालिक और उनके साथी का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने कर्मचारी को बुरी तरह से पीटा और नग्न करके वीडियो बनाई। फिर एक लाख रुपये वसूल लिए।
माल पुलिस ने सोमवार रात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित के मुताबिक रविवार दोपहर वह सैलून जा रहे थे। करीब 3:30 बजे माल कस्बा निवासी शेरा ने उन्हें कॉल कर उधार लिए 55 हजार रुपये होटल आकर ले जाने के लिए कहा। आरोपी वहां नहीं मिला। दोबारा उसने उन्हें नई बस्ती गांव बुलाया। वहां जब साथी के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्हें एसयूवी खड़ी दिखी। एसयूवी में शेरा, नरायणपुर गांव निवासी शनि सिंह, माल निवासी अनुभव तिवारी, गौरैया के करन सिंह और दो अज्ञात लोगों ने उन्हें और उनके दोस्त को एसयूवी में बैठा लिया। आरोपियों ने उनकी आंख में काली पट्टी बांध दी और आम के बाग ले गए। वहां दोनों को बुरी तरह से पीटा।
ऑनलाइन भी ट्रांसफर कराई रकम
आरोपियों ने सैलून मालिक से ऑनलइन कुछ रकम भी ट्रांसफर कराई। इसके बाद असलहे के बल पर उन्हें नग्न कर युवती के साथ वीडियो बना लिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके भाई को कॉल कर एक लाख रुपये फिरौती मांगी और प्ररेणास्थल के गेट नंबर एक पर आने के लिए कहा। रात करीब 10:25 बजे आरोपियों ने उन्हें और दोस्त को जॉगर्स पार्क के पास उतार दिया। फिर एक लाख रुपये, तीन मोबाइल और स्पोट्र्स बाइक लूटकर भाग निकले। रात 12:30 बजे पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। अगले दिन सोमवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
कार्यवाहक इंस्पेक्टर माल गिरीश दत्त पांडे ने बताया कि लूटी गई बाइक बरामद हो गई है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।