सपा कार्यकर्ताओं द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायतों के प्रति प्रदेश के लोक निर्माण व सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव सख्त नजर आए।
उन्होंने मैनपुरी के करहल में बेलगाम होते पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर यहां तक कह दिया, ‘अगर सपाइयों की ओर से अवैध कब्जा और बेईमानी की हरकतें नहीं रुकीं तो मैं अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।’
उन्होंने दु:खी स्वर में कहा कि जब हम लोगों की बात का असर ही नहीं, कोई बात सुनने वाला ही नहीं तो मंत्री पद पर बने रहने से फायदा ही क्या है।
कैबिनेट मंत्री रविवार सुबह यहां मैनपुरी रोड पर एक स्कूल का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बेईमानी और उत्पीड़न के खिलाफ ही बनी है, इसीलिए हम सबको समाज की सेवा करनी है।