सेकुलर मोर्चे के गठन से पहले समाजवादी पार्टी में चल रही उठापटक के बीच शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को एक बार फिर मुलायम सिंह यादव में पूरी आस्था जताई।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, जहां नेताजी खड़े होते हैं, वहीं से सपा की शुरुआत होती है। उन्होंने सेकुलरिज्म के लिए जिंदगी और कई सरकारें दांव पर लगा दीं, इसलिए हम नेताजी के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे। शिवपाल के इस रुख से तय है कि सेकुलर मोर्चे का भविष्य भी मुलायम ही तय करेंगे।
शिवपाल ने तीन दिन पहले मुलायम की अगुवाई में समाजवादी सेकुलर मोर्चे के गठन का एलान किया था। शनिवार को मुलायम ने यह कहकर सस्पेंस बढ़ा दिया था कि मोर्चे के गठन के एलान से पहले शिवपाल से उनकी बात नहीं हुई, हालांकि उन्होंने शिवपाल की तारीफ की थी।
माना जा रहा था कि मुलायम अब भी पार्टी में सुलह की गुंजाइश को कायम रखे हुए हैं। वहीं, रविवार को मैनपुरी में उन्होंने जिस तरह अखिलेश यादव पर निशाना साधा, उन्हें मुख्यमंत्री बनाने को अपनी बड़ी भूल माना और रामगोपाल यादव को शकुनि बताने पर मुहर लगाई, उसके दूरगामी अर्थ निकाले जा रहे हैं।