लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नाराज नहीं हैं, बल्कि व्यस्तताओं के चलते वे सैफई नहीं गए। जल्द ही वे सैफई महोत्सव में शामिल होने जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के निर्देशों का पालन करना होगा। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को यहां अलीगंज में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज सभा के कार्यक्रम में पहुंचे शिवपाल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री राजनीतिक एवं अन्य व्यस्तताओं के चलते सैफई महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर नहीं पहुंच सके।
यह पूछे जाने पर कि आनंद सिंह भदौरिया व सुनील साजन के निष्कासन को लेकर क्या सोमवार को उनकी अखिलेश के साथ कोई बातचीत हुई है? शिवपाल ने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। अलबत्ता इतना जरूर कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों का पालन करना होगा।