लखनऊ। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बृहस्पतिवार देर रात नीट यूजी 2026 का परिणाम जारी कर दिया। परिणाम जारी होते ही लाखों अभ्यर्थी परिणाम देखने के लिए वेबसाइट पर लॉगइन करने लगे। अचानक बढ़े ट्रैफिक के कारण वेबसाइट ठप हो गई, जिससे अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रात तक प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी के शिवांश ने 152वीं, यासिर ने 157वीं, मोहित ने 555वीं, चिन्मय ने 569वीं और सावेज ने 738वीं रैंक हासिल की है। आलमबाग स्थित एक निजी कोचिंग के कोआर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। ज्यादा दबाव के कारण वेबसाइट खुल नहीं पा रही थी। कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर भी वेबसाइट के काम न करने की शिकायतें साझा कीं। बता दें कि नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून को देशभर में आयोजित की गई थी। लखनऊ में यह परीक्षा 75 केंद्रों पर हुई थी। इसमें 35,494 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। सफल अभ्यर्थी अब काउंसिलिंग प्रक्रिया की तैयारी में जुटेंगे।