लखनऊ। शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से संचालित प्रधानमंत्री युवा लेखक परामर्श योजना के तीसरे संस्करण के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र रहे शिवम सिंह का चयन किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की यह योजना देशभर के प्रतिभाशाली युवा लेखकों को साहित्य जगत में अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती है। इसके अंतर्गत हिंदी भाषा की श्रेणी में देशभर से केवल छह युवा लेखकों का चयन किया गया है, जिनमें शिवम भी हैं।
बाराबंकी निवासी शिवम सिंह ने बताया कि लखनऊ विवि से स्नातक और हिंदी में परास्नातक करने के बाद इस समय वे दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे आधुनिक भारत के निर्माताओं पर महत्वपूर्ण पुस्तक का लेखन करेंगे। यह पुस्तक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (नेशनल बुक ट्रस्ट) से प्रकाशित होगी।