शिया वक्फ बोर्ड व बोर्ड के चेयरमैन के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन तेज हो गया। जुमा की नमाज के दौरान बड़े इमामबाड़े का गेट खोला गया और नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने बड़े इमामबाड़े से बाहर आकर प्रदर्शन किया।
चेयरमैन व उसके समर्थकों का पुतला फूंका गया। इस दौरान फिर से बड़े इमामबाड़े पर ताला डाल दिया गया। वहीं छोटे इमामबाड़े पर चेयरमैन के खिलाफ भूख हड़ताल पर डटी महिलाओं ने भी प्रदर्शन जारी रखा।
शुक्रवार को एक सप्ताह के बाद जुमा की नमाज को लेकर बड़े इमामबाड़े का गेट खोला गया। बड़े इमामबाड़े में की आसिफी मस्जिद में नमाज अदा कर प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए और शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका।
नमाज ए जुमा के समापन पर गेट पर ताला डाल कर फिर नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। इस दौरान कई अंजुमन के मातम दारों ने चेयरमैन वसीम रिजवी को बर्खास्त करने की मांग की।
मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा है कि वे चाहते हैं कि सरकार जेल भरो आंदोलन से पहले प्रदर्शनकारियों की मांग पूरी कर दे, नहीं तो जेल भरो आंदोलन के साथ प्रदेश में सरकार विरोधी मुहिम तेज की जाएगी।
भूख हड़ताल पर बैठी महिलाएं नहीं लेंगी चिकित्सकीय सहायता
वहीं, छोटे इमामबाड़े पर डटी महिलाओं की भूख हड़ताल जारी रही। प्रदर्शनकारी शबीह फातिमा ने बताया कि सपा सरकार वसीम रिजवी को अब तक हटा नहीं रही है। इसलिए महिलाएं अब अपनी जान की परवाह किए बिना भूख हड़ताल जारी रखेंगी।
साथ ही अब चिकित्सीय सहायता नहीं लेंगी। इस दौरान कई महिला प्रदर्शनकारियों की हालत बिगड़ी लेकिन महिलाओं ने चिकित्सीय उपचार लेने से मना कर दिया। शबीह का कहना है कि महिलाओं को उपचार नहीं भ्रष्टाचारी चेयरमैन का इस्तीफा चाहिए।
रविवार को प्रदेश भर में दी जाएगी गिरफ्तारी
शिया वक्फ बोर्ड व सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में जेल भरों आंदोलन के तहत गिरफ्तारी दी जाएगी। मौलाना जव्वाद का कहना है कि लखनऊ में नाजिम साहब के इमामबाड़े से गिरफ्तारी के साथ प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, जौनपुर, अमरोहा , बाराबंकी, सीतापुर व इलाहाबाद आदि के साथ अन्य जिलों में सरकार व शिया वक्फ बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी जाएगी।
मौलाना ने कहा कि लखनऊ में नाजिम साहब इमामबाड़े को रविवार को शांति पूर्वक गिरफ्तारी दी जाएगी अगर इस बीच किसी तरह का तनाव हुआ तो इसके लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार होगी।
दिल्ली में मौलाना समर्थक घेरेंगे सपा प्रमुख का आवास
शिया वक्फ बोर्ड के खिलाफ मौलाना कल्बे जव्वाद समर्थक रविवार को दिल्ली में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का आवास घेरेंगे।
कौमी विकास मंच के सदस्य मौलाना हबीब हैदर ने बताया कि दिल्ली में मौलाना के समर्थन में व सपा सरकार के खिलाफ शाहे मर्दा पर प्रदर्शन होगा। इसके पूर्व एक मार्च निकाल कर सपा प्रमुख मुलायम सिंह का दिल्ली स्थित आवास का घेराव किया जाएगा।
चेयरमैन समर्थकों ने फूंका मौलाना जव्वाद का पुतला, किया प्रदर्शन
जुमा की नमाज से पहले शुक्रवार को तालकटोरा व सआदतगंज में सपा सरकार व शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी के समर्थकों ने मौलाना कल्बे जव्वाद का पुतला फूंक प्रदर्शन किया।
तालकटोरा में सपा सरकार व चेयरमैन के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शिया समुदाय के एक गुट ने मौलाना जव्वाद का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चेयरमैन के खिलाफ मौलाना जव्वाद का प्रदर्शन अपने निजी फायदों के लिए किया जा रहा है उक्त प्रदर्शन का शिया समुदाय से कोई वास्ता नहीं है।
उधर, चेयरमैन सैयद वसीम रिजवी का कहना है कि यह प्रदर्शन शिया समुदाय की ओर से किया प्रदर्शन है इससे उनका कोेई लेना देना नहीं। उधर, सूत्रों का कहना है कि करबला तालकटोरा में सपा सरकार के समर्थन में जलसा कह कर भीड़ जुटाई गई थी लेकिन जब मौलाना जव्वाद के खिलाफ प्रदर्शन व मौलाना का पुतला फूंकने का कार्यक्रम देखा तो भीड़ छट गई।