लखनऊ। कानपुर में गंगा पुल पर चल रही मरम्मत के चलते शताब्दी एक्सप्रेस मुरादाबाद के रास्ते लखनऊ पहुंच रही है। सोमवार को मुरादाबाद रेल मंडल में रेलखंड पर क्षमता से अधिक ट्रेनों के आने (बंचिंग) के कारण फंस गई। इससे ढाई घंटे देरी से एक बजे की वह दोपहर 3:30 बजे लखनऊ पहुंची।
वापसी में भी लखनऊ से शताब्दी एक्सप्रेस के देरी से रवाना हुई। यात्री दोपहर तीन बजे प्लेटफाॅर्म पर पहुंच गए थे। भीषण गर्मी में उन्हें इंतजार करना पड़ा। उनकी ट्रेन शाम करीब पांच बजे रवाना हुई। कानपुर पहुंचने तक यह ढाई घंटे लेट हो गई। इसी तरह जबलपुर से लखनऊ आने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस भी भीमसेन स्टेशन पर रोके जाने से लेट हो गई। 01080 गोरखपुर-मुंबई स्पेशल करीब छह घंटे, सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस 11 घंटे , 02570 दरभंगा स्पेशल नौ घंटे, 02564 बरौनी स्पेशल 5:30 घंटे तथा 07076 स्पेशल पांच घंटे देरी की शिकार हुई।
एसी कूलिंग ठप, यात्री परेशान
15017 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-8 में एसी कूलिंग ठप होने से यात्री परेशान हो गए। मुसाफिर शैलेश सिंह ने इसकी शिकायत दर्ज कराई। मेरठ जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस में भी एसी कूलिंग फेल होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
शार्ट सर्किट से लगी आग
ऐशबाग स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर सोमवार सुबह करीब नौ बजे इलेक्ट्रिक पैनल में आग लग गई। इससे कोच गाइडेंस सिस्टम बंद हो गए। हालांकि सिस्टम कुछ देर तक ही प्रभावित हुए। रेलकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों से जल्द ही आग पर काबू पा लिया। दोपहर बाद दूसरा पैनल लगाकर व्यवस्था बहाल की गई।