मोहनलालगंज स्थित स्पैरो रिसॉर्ट।
मोहनलालगंज। सिसेंडी-मदारपुर मार्ग पर बने स्पैरो रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान फायरिंग और कर्मचारियों को पीटने का मामला सामने आया है। आरोप लालबाग निवासी शर्मा टी स्टॉल के मालिक के बेटे गौरव शर्मा व उसके दोस्तों पर लगा है। रिसाॅर्ट के कर्मचारी जितेंद्र सिंह की तहरीर पर 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने गाैरव को हिरासत में लिया है। मामले में चाैकी इंचार्ज कनकहा को निलंबित कर दिया गया है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के अनुसार, रविवार को गौरव का जन्मदिन था। उसके दोस्त रिंकू ने रिसॉर्ट में पार्टी आयोजित की थी। इसमें 40 लोग शामिल थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे डीजे पर नाचने के दौरान नशे में धुत गौरव ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ज्यादातर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने गौरव शर्मा को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से असलहा बरामद नहीं हुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, इस मामले में एसीपी मोहनलालगंज की जांच में विवेचक/चौकी इंचार्ज कनकहा निमेश दुबे की लापरवाही मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।