मुलायम सिंह के निमंत्रण पर सपा सम्मेलन में शामिल हुए जदयू नेता शरद यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले जो प्रधानमंत्री थे वो कुछ बोलते ही नहीं थे, पर अब जो प्रधानमंत्री हैं वो सिर्फ बोलते हैं।
शरद यादव ने कहा कि जिसकी सरकार हो उसको काम करना चाहिए, बोलना कम चाहिए। उन्होंने नाम लिए बिना पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वह तो नींद में भी बड़-बड़ करता रहता है।
शरद ने कहा केंद्र की नई सरकार को नई बहू करार देते हुए कहा कि यूपीए और एनडीए सास-बहू हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार सिर्फ सपने बेच रही है, सरकार को काम करना चाहिए।
सम्मेलन में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि मैं मुलायम भाई साब के बुलाने पर यहां आया हूं। मैंने जब से होश संभाला है तब से उनके साथ हूं।
एक दिन झाडू लगाने से देश साफ नहीं होगा
शरद यादव ने 'स्वच्छ भारत' अभियान की शुरूआत के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा झाडू लगाने पर कहा कि सिर्फ एक दिन झाड़ू लगा देने से देश साफ नहीं हो जाएगा।
शरद ने अपने सम्बोधन में केंद्र सरकार की आलोचना करने में कोई कोताही नहीं बरती। उन्होंने कहा कि जनता को बातों से नहीं काम से मतलब है।
वो बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, कहते हैं गंगा की सफाई कर देंगे। लेकिन गंगा की सफाई कोई नहीं कर सकता। गंगा देश की है और देश की जनता ही गंगा की सफाई करेगी।
उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान देश की जनता से भाजपा के किए गए वादों की याद भी दिलाई और कहा कि वह काले धन को वापस लाने के बड़े-बड़े वादे करते थे लेकिन काले धन का हिसाब-किताब उनके पास नहीं है।
जो कुछ भी हूं मुलायम की वजह से
शरद यादव ने अपने संबोधन में अगले तीन वर्षों के लिए सपा के अध्यक्ष चुने गए मुलायम सिंह यादव और सपा की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भाईसाब का आग्रह था इसलिए मैं यहां आया हूं।
वहीं, उन्होंने कहा कि सपा गरीबों की पार्टी है और गरीबों के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह के पास जनता की हर समस्या का समाधान है।
उन्होंने सांप्रदायिकता को बड़ा खतरा बताते हुए नसीहत दी कि दंगा फैलाने वालों से सावधान रहना चाहिए।