अरसे से उजाले के लिए तरस रहा शहीद पथ नए साल से स्ट्रीट लाइट से जगमग हो जाएगा। 23.5 किमी लंबे इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के टेंडर में बिजली उपकरण निर्माता कंपनी क्रॉम्प्टन ग्रीव्स ने बाजी मार ली है।
अब शासन की संस्तुति मिलते ही नगर निगम प्रशासन औपचारिक तौर पर क्रॉम्प्टन ग्रीव्स के नाम का ऐलान कर वर्क ऑर्डर जारी कर देगा।
अपर नगर आयुक्त का कहना है कि शासन की संस्तुति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा और इसे हाईकोर्ट द्वारा दी गई 31 दिसंबर की समय सीमा तक पूरा कर लिया जाएगा।
शहीद पथ पर आए दिन सड़क हादसों का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को चाक चौबंद करने का निर्देश दिया था।
मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए तीन विभागों- नगर निगम, एलडीए और आवास विकास को अपनी-अपनी क्षेत्र सीमा में आने वाले मार्ग की लाइटिंग का जिम्मा दिया गया था।
पहली बार आमंत्रित टेंडर में कंपनियों के रुचि नहीं दिखाने पर फिर से निविदाएं आमंत्रित की गईं। टेक्निकल बिड में क्रॉम्प्टन ग्रीव्स के अलावा बजाज व फिलिप्स के फाइनल होने के बाद 5 नंवबर को फाइनेंसिएल बिड में सिर्फ क्रॉम्प्टन ग्रीव्स और फिलिप्स में से एक नाम तय होना था।
इसमें क्रॉम्प्टन ग्रीव्स ने न्यूनतम दर पर सबसे अच्छा काम का दावा पेश कर बाजी मार ली। बजाज टेक्निकल बिड में ही बाहर हो गई थी।
1200 सोडियम लाइट्स लगेंगी
अपर नगर आयुक्त विशाल भारद्वाज ने बताया कि शहीद पथ पर 6 करोड़ रुपये की लागत से खंभे और लाइट्स लगाई जाएंगी। जबकि 1.10 करोड़ रुपये से केबल और ट्रांसफार्मर का काम होगा।
अन्य मदों को मिलाकर कुल 7.50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद पथ को जगमग किया जाएगा। 400 वॉट की कुल 1200 सोडियम लाइटें पूरे शहीद पथ पर डिवाइडर पर लगाई जाएंगी। वहीं, शहीद पथ के दोनों किनारों पर हाईमास्ट लगाया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त विशाल भारद्वाज ने बताया कि शहीद पथ का आधा हिस्सा नगर निगम सीमा से बाहर है। इसका तकरीबन 11 किमी हिस्सा नगर निगम सीमा में आता है।
जबकि करीब पांच किमी एलडीए में, तीन किमी अंसल में और करीब साढ़े चार किमी हिस्सा आवास विकास परिषद के क्षेत्र में आता है। पूरे शहीद पथ पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था के संचालन और रखरखाव पर खर्च का नगर निगम और एलडीए द्वारा 50-50 फीसदी वहन करने सहमति बनी थी।
रखरखाव पर 1.60 करोड़ सालाना खर्च
शहीद पथ पर स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल और रखरखाव पर सालाना 1.60 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। यह खर्च नगर निगम और एलडीए प्रशासन अपने वित्तीय संसाधनों से पूरा करेगा।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सोडियम लाइट के मुकाबले एलईडी चार गुना महंगी है। इससे सोडियम लाइट्स लगाने का फैसला किया गया है। सोडियम लाइट की रोशनी भी ज्यादा अच्छी होती है।
अपर नगर आयुक्त विशाल भारद्वाज ने बताया कि शहीद पथ पर स्ट्रीट लाइट का काम 7.50 करोड़ रुपए की लागत से होना है लेकिन नगर निगम सदन से 40 लाख रुपए तक के ही प्रोजेक्ट पास कराए जा सकते हैं।
इससे ऊपर के बजट के लिए शासन की अनुमति लेनी होगी। शासन की संस्तुति मिलते ही जल्द से जल्द काम शुरू हो जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य है कि शहीद पथ का ये काम 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाए।