लखनऊ। रमजान के आखिरी अशरे (दस दिन) में रोजा इफ्तार का दौर भी शबाब पर पहुंच गया है। माल एवेन्यू स्थित दादा मियां दरगाह पर मंगलवार को रोजा इफ्तार में राजनीति से जुड़ी हस्तियों सहित सभी मजहब के लोगों ने शामिल होकर भाईचारे का संदेश दिया।
इफ्तार के बाद मगरिब की नमाज मस्जिद शाहे रजा के इमाम कारी अनवर शहाब ने अदा कराई। इफ्तार में मौलाना अबुल इरफान मियां फरंगी महली, टीले वाली मस्जिद के इमाम मौलाना शाह फजलुल मन्नान रहमानी, सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा शामिल हुए।
इंडियन राहत फाउंडेशन की ओर से कैंट स्थित आजाद मोहाल में रोजा इफ्तार कराया गया। मुफ्ती इरफान मियां फरंगी महली, पत्रकार एसो. के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, भाजपा नेता सुधीर हलवासिया, कैंट मंडल अध्यक्ष रूप देवी आदि शामिल हुए।
पूर्व मंत्री मुईद अहमद ने विशाल खंड स्थित आवास पर सामूहिक इफ्तार का आयोजन किया। इसमें ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, मौलाना यासूब अब्बास, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, सैयद वसीम, दाऊद अहमद, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. कौसर उस्मान, एसआर मलिक, डॉ. जमाल, पूर्व प्रो. रमेश दीक्षित, रिजवान अहमद आदि थे।