वाणिज्य कर विभाग के दस्ते ने शनिवार को लखनऊ जंक्शन के पार्सल घर पर छापामारी करके टैक्स चोरी से आया लाखों रुपये के माल को कब्जे में ले लिया है। माल के व्यापारियों को प्रपत्र लेकर पार्सलघर पर बुलाया गया है। जो व्यापारी माल के दस्तावेज नहीं दिखाएंगे तो उसको जब्त कर लिया जाएगा।
एसआईबी के एडिशनल कमिश्नर अनंजय कुमार राय ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यालय एवं लोकल इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से की है। इसमें दिल्ली से आए इलेक्ट्रिक उपकरण, तांबा वायर, रेडीमेड, होजरी, इलाइची आदि को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
एसआईबी की इस कार्रवाई से लखनऊ जंक्शन पर हड़कंप मच गया। रेलवे के अफसर भी अपने केबिन से निकलकर तत्काल मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में व्यापारी भी जमा हो गए। आशंका जताई जा रही है कि इसमें कई लोग शामिल हैं। कार्रवाई होगी तो कई लोग फंसेंगे।