लखनऊ। शहर में लगे हेल्थ एटीएम का संचालन दिसंबर तक एसजीपीजीआई ही करेगा। यह निर्णय शुक्रवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में लिया गया। साथ ही इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) और सेफ सिटी कंट्रोल रूम पुलिस विभाग को सौंपने का प्रस्ताव भी पास हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि अलीगंज सेक्टर-बी में स्मार्ट सिटी के तहत बनाए गए अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर एवं सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का भवन नगर निगम को हस्तांतरित हो चुका है। भवन के प्रथम और द्वितीय तल पर नगर निगम का जोन-3 कार्यालय संचालित किया जा रहा है। यह कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। भवन के भूतल पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां बहुउद्देशीय हॉल में कैरम, शतरंज सहित विभिन्न इनडोर गेम्स और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
स्मार्ट सिटी कंपनी के महाप्रबंधक एससी सिंह ने बताया कि हेल्थ एटीएम का संचालन निविदा के जरिये जिस कंपनी को मिला है, उसने छह माह का समय पूरी तरह संचालन संभालने के लिए मांगा है। इसलिए एसजीपीजीआई छह माह तक संचालन जारी रखेगा। कंपनी धीरे-धीरे कई चरणों में संचालन संभालेगी। वहीं, आईटीएमएस से जुड़ी अनुबंधित फर्म को दिए गए तीन माह का समय विस्तार भी पूरा हो रहा है। ऐसे में इसे पुलिस विभाग को सौंपने का प्रस्ताव पास किया गया।