लखनऊ। विकासनगर में रहने वाली युवती ने गुडंबा के कुर्सी रोड निवासी अधिवक्ता संजीव तिवारी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और फिर विवाह से इन्कार करने का आरोप लगाया है। संजीव की बहन व दो अन्य पर गांव पहुंचकर पीड़िता व उसके परिजनों को धमकाने का भी आरोप है। बृहस्पतिवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर कराई गई।
मूल रूप से बाराबंकी जनपद निवासी युवती के अनुसार संजीव का उसके घर आना-जाना था। प्यार के जाल में फंसाकर वह वर्ष 2021 में उसे लखनऊ ले आया। यहां संजीव युवती के साथ विकासनगर में रहने लगा और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। दो बेटियों को जन्म देने पर युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी मुकर गया और मारपीट की।
युवती का यह भी आरोप है कि संजीव की बहन शशि ने भाई से दूर न रहने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। उसने बताया कि संजीव की दूसरी जगह शादी तय कर दी है। आरोप है कि 15 मार्च को संजीव, शशि व दो अन्य युवती के गांव पहुंचे और पूरे परिवार को धमकाया। एसओ विकासनगर आलोक सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर यौन शोषण, मारपीट व धमकाने की एफआईआर की गई है। पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने जल्द बयान दर्ज कराया जाएगा।