लखनऊ। मड़ियांव इलाके में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने सीतापुर के अटरिया निवासी प्रखर बाजपेई पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने बहाने से 85 हजार रुपये और पीड़िता की मां के आभूषण भी हड़प लिया। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी व उसके परिजनों ने उनको धमकाया। पीड़िता ने शुक्रवार को मड़ियांव थाने में सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र के मुताबिक युवती का कहना है कि 2019 में बस में उसकी मुलाकात प्रखर बाजपेई से हुई। प्रखर ने बातों ही बातों उसका मोबाइल नंबर ले लिया। कुछ माह तक दोनों में मोबाइल पर बातचीत होती रही। वर्ष 2021 में प्रखर ने उसे आईआईएम रोड स्थित एक निजी कॉलेज के पास बुलाया। फिर वह उसे एक घर में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने घटना अपनी मां को बताई। कुछ देर बाद आरोपी की मां प्रतिमा, पिता विपिन और भाई शिवा बाजपेई पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने माफी मांगते हुए शादी की बात कही। आरोप है कि उसके बाद आरोपी पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि उसने 11 जुलाई को प्रखर से शादी करने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। पीड़िता ने प्रखर के घरवालों से बात की तो उन्होंने भी जात पात का हवाला देते हुए शादी से मना कर दिया। साथ ही रास्ते से हटने की धमकी दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि प्रखर के खिलाफ यौन शोषण और उसके भाई शिवा, मां प्रतिमा और पिता विपिन के खिलाफ धमकाने का केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।