शादी का झांसा देकर यौन शोषण, पिलाया जहरीला पदार्थ
लखनऊ। दुबग्गा की युवती ने आंशू मौर्य उर्फ अभय पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण करने और 5.60 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 16 मार्च को आरोपी व उसके परिजनों ने बहाने से उसे घर बुलाया और मारपीट कर जहरीला पदार्थ पिला दिया।
पीड़िता के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर आरोपियों ने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर उन्होंने बृहस्पतिवार को अभय, उसके पिता रामकिशुन मौर्या, माता सुमन, बहन ज्योति व प्रियंका के खिलाफ दुबग्गा थाने में केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया अभय को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
इससे पहले युवती ने बताया कि अभय ने उन्हें प्यार के जाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देकर तीन साल तक शोषण किया। आरोपी ने बहन की शादी के नाम पर उनसे रुपये भी ले लिए। जब उन्होंने शादी की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ वक्त पहले युवती को पता चला कि अभय की दूसरी युवती से शादी तय हो गई है और गोद भराई भी हो चुकी है। युवती ने विरोध जताते हुए रुपये वापस मांगे तो अपने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की नियत से जहर पिला दिया था।