रायबरेली। शहर क्षेत्र के शेष 17 वार्डों में भी सीवर लाइन बिछाने का कार्य जल्द शुरू होगा। ऐसा होने से इन मोहल्लों में रहने वाली करीब एक लाख आबादी को सीवर की समस्या से राहत मिलेगी। जल निगम विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। उच्चाधिकारियों की हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
शहर क्षेत्र में रहने वाली ढाई लाख आबादी को सीवर की समस्या से राहत दिलाने के लिए अमृत योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। मौजूदा समय में फेज-वन, फेज-दो का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि फेज-तीन का कार्य प्रगति पर है। शेष 17 वार्डों में फेज 4 के तहत सीवर लाइन बिछाने का कार्य अभी कराया जाना है। इन वार्डों में करीब एक लाख आबादी रहती है। आने वाले कुछ सालों में आबादी और बढ़ जाएगी।
मौजूदा समय में इन वार्डों में रहने वाले नागरिकों को सीवर की समस्या झेलनी पड़ रही है। गलियों और घरों के आसपास सीवर का पानी भरा रहता है। इससे नागरिकों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन वार्डों में सीवर लाइन बिछाने को लेकर काफी समय से प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया चल रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।
जल निगम की ओर से 17 वार्डों में सीवर लाइन बिछाने पर 350 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।
यहां पर बिछेगी सीवर लाइन
जल निगम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक खाली सहाट, राना नगर, बस स्टेशन, सुपर मार्केट, रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल चौराहा, राना नगर, सुभाष नगर, किला बाजार, कहारों का अड्डा, जहानाबाद, सुरजूपुर समेत 17 वार्डों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
इस साल सभी वार्डों में पूरा होगा सीवर लाइन का काम
शेष 17 वार्डों में भी सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार करके उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया है। करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फेज-तीन का कार्य जून तक पूरा करा लिया जाएगा। फेज-चार का कार्य जल्द शुरू कराने के लिए प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि 2024 तक शहर के सभी 34 वार्डों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाएगा।
देवेंद्र कुमार, एक्सईएन, जलनिगम