उच्च प्राइमरी स्कूलों में विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के 29,334 पदों की भर्ती प्रक्रिया में छह चरणों की काउंसलिंग होने के बाद भी कई पद खाली रह गए हैं। अब एक बार फिर रिक्त पदों पर भर्ती के लिए काउंसलिंग की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा से रिक्त पदों की सूचना मांगी है। साथ ही यह तय किया है कि आवेदन के समय जिस मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को बुलाया गया था उसी आधार पर इस बार भी बुलाया जाए।
बीएड की शैक्षिक मेरिट के आधार पर सामान्य वर्ग के उन अभ्यर्थियों को बुलाया जाए जिनके 50 फीसदी से ऊपर अंक हैं। जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों में 45 प्रतिशत से अधिक अंक वालों को बुलाया जाए।
2800 पदों के लिए हुई थी काउंसलिंग
गौरतलब है कि उच्च प्राथमिक स्कूलों में विज्ञान व गणित शिक्षकों के रिक्त करीब 2800 पदों के लिए काउंसलिंग 7 व 8 जनवरी को कराई गई थी।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया था। खास बात ये थी कि छठे चरण की काउंसलिंग के लिए बीस गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
पांचवी काउंसलिंग के बाद बताया गया था कि अभी भी 2800 पद खाली हैं साथ ही ये उम्मीद भी जताई गई थी कि इसके बाद काउंसलिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये था चौथी और पांचवी काउंसलिंग का हाल
विज्ञान व गणित शिक्षकों की भर्ती के लिए पांचवें चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त पदों का ब्यौरा मांगा गया था।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप भेजते हुए 31 अक्तूबर तक पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा था। उन्होंने पूछा था कि पांचवें चरण की काउंसलिंग में कितने अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें से कितने पात्र पाए गए तथा अभी कितने पद रिक्त हैं।
शिक्षकों की नियुक्ति के हुए पांचवी काउंसलिंग में 20 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जबकि चौथी काउंसलिंग में 15 गुना अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया था।