गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित सहारा ओवर ब्रिज के नीचे से सोमवार देर रात को पुलिस ने सात डकैतों को दबोच लिया। आरोपी विपुलखंड इलाके के एक बड़े कारोबारी के घर की रेकी कर चुके थे।
सोमवार देर रात वारदात अंजाम देनी थी। गिरफ्तारी गोमतीनगर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने की। आरोपियों के पास देसी पिस्तौल, कारतूस, गैसकटर, छह मोबाइल व लोहे की रॉड बरामद हुई।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, आरोपियों में मोहनलालगंज के तिलोपुर का रंजीत यादव, हमिरापुर का हारुन, अलीगंज का दानिश, मुन्ना मिश्रा, कानपुर के कल्याणपुर का अमन उर्फ कुशाग्र त्रिपाठी, उत्तराखंड के कलियर मान्नूबास का अंकित चौधरी, ऊधमसिंह नगर का रेशम सिंह उर्फ रिंकू है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, यह गिरोह काफी दिनों से इलाके में सक्रिय है। 2021 में इस गिरोह को गोमतीनगर थाने से गिरफ्तार कर जेल भेज गया था। हाल ही में आरोपी जमानत पर रिहा हुए थे।
गिरोह के सदस्याें पर दर्ज हैं कई मुकदमे
प्रभारी निरीक्षक दिनेश मिश्रा के मुताबिक, पकड़े गए गिरोह के सदस्यों पर लखनऊ के कई थानों में लूट, डकैती व हत्या की कोशिश के केस दर्ज हैं। रंजीत यादव पर ठाकुरगंज, तालकटोरा, गोमतीनगर में हत्या की कोशिश, लूट और जालसाजी का केस दर्ज है। वहीं, हारुन पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। अंकित चौधरी पर छह, अमन उर्फ कुशाग्र पर छह, रेशम सिंह पर चार, दानिश पर पांच, मुन्ना मिश्रा पर पांच केस दर्ज हैं। इसके अलावा भी पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास पता करने में जुटी है।