लखनऊ। अंसल कंपनी के खिलाफ सात और एफआईआर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई गई है। आरोप है कि प्लॉट और फ्लैट के नाम पर कंपनी ने पीड़ितों से करीब 1.06 करोड़ से अधिक की ठगी की।
कानपुर रोड स्थित हिंदनगर निवासी रितु सिंह के मुताबिक वर्ष 2010 में 62 लाख रुपये देकर प्लाॅट बुक किया था। वहीं बीबीडी के मानस गार्डन कॉलोनी निवासी डॉ. विभा ने वर्ष 2011 में 162 स्क्वायर मीटर का प्लॉट बुक कर 8.92 लाख रुपये कई बार में दिए थे। पीड़ितों को प्लॉट नहीं मिला।
इसके अलावा आलमबाग के चंदरनगर निवासी हेमंत दयाल ने वर्ष 2010 में पैराडाइज डायमंड प्रोजेक्ट में अपने व मौसी गीता के नाम 12.28 लाख रुपये देकर दो फ्लैट बुक किए थे। प्रयागराज के गोविंदपुर निवासी चंद्र प्रकाश सिंह ने वर्ष 2010 में फ्लैट बुक कर 5.84 लाख रुपये दिए थे। प्रयागराज के लालधारी सिंह, हरेश प्रताप सिंह और जगपाल सिंह ने भी फ्लैट बुक कर 5.84 लाख रुपये जमा किए थे। पर किसी को भी फ्लैट नहीं मिला।