अब न तो स्कूल आता है आरोपी शिक्षक और न ही पीड़िता का उठाता फोन
पीड़िता की तहरीर पर सहायक अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज, पड़ताल शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। जमीन रजिस्ट्री कराने के नाम पर शिक्षिका से सात लाख रुपये हड़प लिए गए। अब न तो आरोपी शिक्षक स्कूल आता है और न ही पीड़िता का फोन उठाता है। पीड़िता की तहरीर पर बछरावां पुलिस ने सहायक अध्यापक के खिलाफ धन हड़पने का केस दर्ज करके हुए जांच शुरू कर दी है।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुर गांव की रहने वाली नीतू वर्मा का आरोप है कि वह कंपोजिट स्कूल असहन जगतपुर बछरावां में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है। उसके स्कूल में ही सहायक अध्यापक के पद पर अश्वनी कुमार तैनात हैं। अश्वनी वैसे तो मूलरूप से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के तारागंज का निवासी है, लेकिन मौजूदा समय में वह बछरावां कस्बे के आदि नगर मोहल्ले में रहता है। फरवरी 2023 में अश्वनी ने महराजगंज रोड पर खुद की जमीन होने की बात कही थी। साथ ही जमीन को बेचने की बात कही थी। इस पर वह जमीन खरीदने के लिए राजी हो गई थी।
जमीन रजिस्ट्री करने से पहले ही शिक्षक अश्वनी ने उससे कई बार में सात लाख रुपये ले लिए। इसके बाद जब जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो उसने ऐसा करने से मना कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि वह कहीं गायब हो गया है। उसका फोन तक नहीं उठाता है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सहायक अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।