लखनऊ की राजाजीपुरम कॉलोनी में आवासीय भूखंड पर चलाए जा रहे सात शादी घर बंद होंगे। उनको सील किया जाएगा। उसको लेकर आवास विकास परिषद ने नोटिस भेज दिया है। विरोध की आशंका पर डीएम को मजिस्ट्रेट व पुलिस बल उपलब्ध कराने को लिए भी पत्र भेज दिया गया।
इसके अलावा बिना अनुमति अवैध रूप से चलाए जा रहे शादी घर और लॉन का बिजली, पानी कनेक्शन काटने के लिए लेसा और जलकल विभाग को भी लिख दिया गया है। आवास विकास परिषद की राजाजीपुरम कॉलोनी के सेक्टर-13, 15 और एक में करीब 10 साल से अवैध रूप से शादी घर चल रहे हैं।
बिना परिषद की अनुमति से खोले गए ऐसे शादी घरों को पहले भी नोटिस भेजा गया, लेकिन उन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। आवासीय प्लॉट पर शादी घर खोलने के लिए कई लोगों ने अगल-बगल के दो प्लॉट मिलाकर एक कर लिए हैं। आसपास के लोगों ने भी कॉलोनी के अंदर शादी घर खोले जाने की शिकायत की तो आवास विकास परिषद ने शादी घर बंद करने का नोटिस भेजा।
नोटिस में अवैध रूप से मैरिज लॉन चलाने वालों को एक मौका भी दिया गया है कि वे कार्रवाई से पहले खुद अपना अवैध निर्माण ध्वस्त कर दें, और घर बनाकर रहने के लिए आवंटित किए गए भूखंड पर चलाए जा रहे लॅान व शादी घर को बंद कर दें। इसके लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। उसके बाद परिषद सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी।
कटेगा बिजली-पानी का कनेक्शन
डेमो
परिषद ने अवैध शादी घरों का बिजली-पानी कनेक्शन काटने के लिए लेसा व जलकल विभाग को पत्र भेज दिया है। परिषद प्रशासन ने इसको लेकर उन सभी शादी घरों की सूची भी भेज दी है, जिनको अवैध करार दिया गया है।
अवैध रूप से चलाए जा रहे शादी घरों कोे बंद करने का नोटिस भेजने के साथ ही आवास विकास परिषद ने नगर निगम को भी पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि सूची में शामिल शादी घरों को नगर निगम की ओर से कोई लाइसेंस जारी किया गया हो तो उसे निरस्त कर दिया जाए, क्योंकि यह बिना अनुमति अवैध रूप से बनाए गए हैं।
आवास विकास परिषद की राजाजीपुरम योजना की तरह ही विकास नगर और राजाजीपुरम आवासीय योजना में भी कॉलोनी के अंदर दर्जनभर शादी घर चल रहे हैं। उनका निर्माण आवास विकास परिषद की बिना अनुमति किया गया है।
आवासीय कॉलोनी में इन शादी घरों के कारण आसपास रहने वाले परेशान हैं। पार्किंग का कोई इंतजाम न होने के कारण सड़क और आसपास रहने वालों के घरों के सामने गाड़ियां खड़ी की जाती हैं। इसमें कई बार विवाद भी होता है।
भेज दिया गया है नोटिस
बंद होगा ये लॉन
- फोटो : अमर उजाला
राजाजीपुरम में बंद होंगे ये लॉन
सूरज मुखी लॉन - 13/7136, सेक्टर 13
गुडलक लॉन - 13/7145 सेक्टर 13
शहनाई गेस्ट - 13/7075 सेक्टर 13
बीके उत्सव पैलेस - 13/7087 सेक्टर 13
सत्संग हॉल/ मैरिज हॉल - डी-164 सेक्टर 15
राधेकृष्ण मैरिज हॉल - एफ -3717 सेक्टर एक
आवासीय भूखंड पर कॉलोनी में लोगों ने शादी घर बना लिए हैं। शादी घरों को बंद कराने के लिए नोटिस जारी किया गया हे। ऐसा न करने पर परिषद खुद उनको सील करेगा। इसको लेकर डीएम को मजिस्ट्रेट व पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेज दिया गया है। इसके अलावा पानी-बिजली कनेक्शन काटने के लिए भी लेसा और जलकल विभाग को पत्र भेजा गया है। - एचएस शर्मा, अधिशासी अभियंता, आवास विकास परिषद
कोई शादी घर नियमों के विपरीत बना है और उसने तथ्यों को छुपाकर नगर निगम से लाइसेंस लिया है तो उसे निरस्त किया जाएगा। परिषद का पत्र अभी नहीं मिला है। जैसे ही आएगा उसको संबंधित जोनल अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। लाइसेंस जारी करने का काम जोनल स्तर पर होता है। - पंकज भूषण, पर्यावरण अभियंता, नगर निगम