सरकार ने आजमगढ़ के डीएम शिवाकांत द्विवेदी को हटाकर प्रतीक्षा में डाल दिया है। हटाए गए सात जिलाधिकारियों में वह अकेले हैं जिन्हें नई तैनाती नहीं दी गई है। आजमगढ़ से सपा मुखिया अखिलेश यादव प्रत्याशी थे जो बड़े अंतर से चुनाव जीते थे।
विशेष सचिव ग्राम्य विकास नागेंद्र प्रसाद सिंह आजमगढ़ के नए डीएम बनाए गए हैं। अंबेडकरनगर से सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा मैदान में थे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। वहां के डीएम को हटाकर राकेश कुमार मिश्रा-द्वितीय को तैनाती दी गई है।
बाराबंकी में भाजपा को जीत मिली थी, लेकिन वहां के डीएम उदयभानु त्रिपाठी को भी हटा दिया गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आदर्श सिंह को पंचम तल पर बेहतर कामकाज के ईनाम में राजधानी से सटे बाराबंकी जिले में तैनाती देने के लिए उदयभानु को हटाया गया। सुल्तानपुर की नई डीएम सी. इंदुमती होंगी।
मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आदर्श सिंह के स्थानांतरण से खाली हुए स्थान पर नई तैनाती कर दी गई है। चित्रकूट के डीएम विशाख जी मुख्यमंत्री के नए विशेष सचिव होंगे। शेषमणि पांडेय को चित्रकूट का नया डीएम बनाया गया है।
शासन में बड़े पदों पर बदलाव का अभी इंतजार
शासन स्तर पर वरिष्ठ पदों पर तबादलों के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। कृषि उत्पादन आयुक्त के रिक्त पद पर तैनाती के साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को इधर से उधर किया जाना है। सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में अभी विचार-विमर्श नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री के पत्र पर समय से पहले लौटेंगे देवेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार से 1989 बैच के आईएएस अधिकारी व केंद्रीय कृषि सहकारिता एवं किसान कल्याण मंत्रालय में अपर सचिव देवेश चतुर्वेदी को समय से पहले राज्य की सेवा के लिए वापस करने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। देवेश जल्दी ही केंद्रीय सेवा से कार्यमुक्त होकर वापस आ सकते हैं। माना जा रहा है कि सरकार देवेश को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकती है।