रायबरेली। बिना नंबर व दस्तावेज के सड़क पर फर्राटा भरने वाली सात बाइकें सीज की गई हैं। जबकि बीमा व ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर 93 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया।
दरअसल, एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बिना नंबर व तेज रफ्तार से फर्राटा भरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जिस पर यातायात प्रभारी अजय सिंह तोमर के नेतृत्व में मंगलवार को सिविल लाइंस चौराहा, डिग्री कॉलेज, जिला अस्पताल व बरगद चौराहा पर अभियान चलाकर 193 दोपहिया वाहनों की जांच की गई।
यातायात प्रभारी ने बताया कि इस दौरान बिना नंबर व दस्तावेज चलने वाले सात दोपहिया वाहन सीज किए गए। वहीं बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस न होने व तीन सवारी बैठाने पर 93 दोपहिया वाहनों का चालान करके उनसे दो लाख 13 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।