साहित्य में योगदान के लिए सात रचनाकारों का सम्मान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के निराला सभागार में रविवार को सर्वजन हिताय साहित्यिक समिति की ओर से सारस्वत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सात साहित्यकारों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान राशि, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशिस्त्र पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में सम्मानोपाधि गीत रत्नाकर सम्मान मधुकर अष्ठाना को प्रदान किया गया। डॉ. अम्बिका प्रसाद गुप्त स्मृति सम्मान फर्रुखाबाद के कवि डॉ. शिवओम अम्बर और गाजियाबाद के संजय शुक्ल को दिया गया। डॉ. शिवओम अम्बर समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। विद्यावती निगम स्मृति सम्मान से कवयित्री संध्या सिंह को, श्रीकृष्ण सहाय निगम स्मृति सम्मान से कहानीकार संजीव जायसवाल ‘संजय’ को, ज्ञानराम साहित्य भविष्यत् मंगलकामना अलंकरण लखीमपुरी खीरी के सुशांत प्रमोद मिश्र को और रामप्रसाद द्विवेदी स्मृति सम्मान अयोध्या के विन्ध्यवासिनी प्रसाद मिश्र ‘चंचल’ को प्रदान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे लविवि के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हरिशंकर मिश्र व मुख्य अतिथि पद्मश्री विद्याविंदु सिंह ने सभी साहित्यकारों को शुभकामनाएं दीं। संचालन संस्था के संस्थापक राजेंद्र शुक्ल ‘राज’ ने किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ‘अशोक’, शिवराम तिवारी, हास्य कवि सर्वेश अस्थाना, प्रतिभा गुप्ता, कमल किशोर ‘भावुक’, जितेंद्र मिश्र ‘भास्वर’, सूर्यप्रकाश सूरज, राजीव वर्मा ‘वत्सल’, कुलदीप कलश और शशि नारायण त्रिपाठी समेत कई कवि व साहित्यकार मौजूद रहे।