रायबरेली। लाइसेंस शस्त्र का गलत इस्तेमाल करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मंगलवार को सात लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए। इसके अलावा तीन अपराधियों को जिला बदर किया गया है। शराब के अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन वाहन भी जब्त कर लिए गएहैं।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि भदोखर क्षेत्र के मुंशीगंज निवासी अमरनाथ गुप्ता का रिवाॅल्वर, गुरुबख्शगंज क्षेत्र के जगजीवनपुर अमरिया निवासी पृथ्वीराज मिश्रा की सिंगल बैरल बंदूक, ऊंचाहार क्षेत्र के सकरा निवासी शिवनंदन का रिवाॅल्वर, दुबरियापुर निवासी फूलचंद्र वर्मा की डबल बैरल बंदूक व रिवाॅल्वर, दुबरियापुर निवासी अशोक कुमार वर्मा की रायफल, लालगंज क्षेत्र के धन्नीपुर निवासी फूलचंद्र वर्मा की डबल बैरल बंदूक का लाइसेंस निरस्त किया गया है।
पुलिस ने डलमऊ क्षेत्र के मियां टोला निवासी मनु कौशल, गुरुबख्शगंज क्षेत्र के पूरे ओरी मजरे केलौली निवासी धीरेंद्र गिरि, शहर के बैहराना निवासी फरमान को लोगों में दहशत पैदा करने पर छह माह के लिए जिला बदर किया है। शराब के अवैध कारोबार में इस्तेमाल सलोन के जलालपुर निवासी तारा देवी का चार पहिया वाहन, ऊंचाहार क्षेत्र के गोजरी निवासी सुंदरी की बाइक और भदोखर क्षेत्र पूरे गोसाई निवासी पवन कुमार के पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त किया है।