अतिरिक्त ऊर्जा मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भवनों में सबसे ज्यादा बिजली की खपत एयर कंडीशनर के कारण होती है। ऐसे में यदि एसी का तापमान 24-25 डिग्री पर रखें तो 24 प्रतिशत तक बिजली बचाई जा सकती है। वे सोमवार को यूपीनेडा में ‘एसी का तापमान 24 डिग्री या उससे अधिक रखें’ विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने बिजली बचत की जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पाठक ने कहा कि आमतौर पर लोग एसी का तापमान 18-21 डिग्री रखते हैं। इससे जहां बिजली की खपत अधिक होती है, वहीं स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। इसलिए एसी का तापमान एक-दो डिग्री बढ़ाकर बिजली की बचत के साथ ही कार्बन उत्सर्जन को भी कम किया जा सकता है।
अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि जागरूकता वैन गली-गली में लोगों को जागरूक करेगी। यूपीनेडा के निदेशक सुशील कुमार पटेल ने दावा किया वैन 30 दिनों में 23 जिलों का दौरा कर प्रदेश के 40 प्रतिशत लोगों को जागरूक करेगी।