नगर निगम अब प्लॉट की सफाई, मलवा उठान और सैनिटाइजेशन आदि की सुविधाएं शहरवासियों की मांग पर पैसे लेकर उपलब्ध कराएगा। जरूरतमंद 311 एप और कंट्रोल रूम पर संपर्क कर सकते हैं। इस नई सुविधा की शुरुआत नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने गोमती तट स्थित कुड़ियाघाट पर की। साथ ही साढ़े पांच करोड़ रुपये से कुड़ियाघाट पर कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।
इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक नीरज बोरा और विधान परिषद सदस्य बुक्कल नवाब, नामित पार्षद अनुराग मिश्रा अनमोल ने कुड़ियाघाट के विकास को लेकर पूर्व नगर विकास मंत्री और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय लालजी टंडन के योगदान को भी याद किया गया। अफसरों में अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी और राकेश यादव मौजूद रहे। योजना का काम देखने वाले इंजीनियर जैदी ने बताया कि मूर्ति विसर्जन स्थल की फेंसिंग की गई है और वहां तक जाने का रास्ता भी बनाया गया है।
इनका हुआ लोकार्पण
- नए मूर्ति विसर्जन स्थल, स्थल तक आरसीसी सड़क, बैठने के लिए सीढ़ियां।
- 12 सीट वाले शौचालय, फौव्वारा, पीने के पानी की व्यवस्था, पार्किंग।
- तीन स्थलों पर लैंड स्केपिंग व पार्क निर्माण, हरियाली, रैम्प और फेंसिंग।
- नर्सरी का उच्चीकरण व बेंच।