पीलीभीत में नसबंदी अभियान थमा, मुजफ्फरनगर में अल्ट्रासाउंड बंद
सीएमओ पीलीभीत ने महानिदेशक परिवार कल्याण को लिखे पत्र में बताया है कि जिले में महिला नसबंदी के लिए डॉ. पीके अग्रवाल और डॉ. ठाकुर दास सेवाएं दे रहे हैं। इन दोनों सर्जन का स्थानांतरण कर दिया गया। ऐसे में महिला नसबंदी का अभियान चलाना मुश्किल है। जिला महिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर की सीएमएस ने महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव को भेजे पत्र में बताया है कि अस्पताल के रेडियोलॉजिल्ट के दो पद पर तैनात डॉक्टर को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की जांच बंद हो गई है। इससे गर्भवती महिलाओं की जांच बंद हो गई है।
ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक की सेवाएं प्रभावित
जिला महिला चिकित्सालय बुलंदशहर की सीएमएस ने महानिदेशक को भेजे पत्र में बताया है कि यहां कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण कर दिया गया है। अब संविदा पर सिर्फ एक विशेषज्ञ हैं, जिन्हें मेडिकोलीगल का अधिकार नहीं है। इससे ओपीडी, इमरजेंसी, और मेडिकोलीगल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, महराजगंज के सीएमओ ने महानिदेशक को भेजे पत्र में बताया है कि अस्पताल से 15 चिकित्सक स्थानांतरित किए गए हैं, जबकि यहां सिर्फ तीन भेजे गए हैं। इससे मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है।