सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण अभी तक कई जनपदों में अनाज का वितरण नहीं हो सका है। इसकी वजह से संबंधित जिलों में सामान्य वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। इसे देखते हुए प्रदेश में वितरण की तिथि को 28 से बढ़ा कर 31 दिसंबर कर दिया गया है।
खाद्य व रसद विभाग के अपर आयुक्त अनिल कुमार दुबे ने इसे लेकर सभी जिलाधिकारियों व जिला पूर्ति अधिकारियों को जरूरी कदम उठाए जाने के लिए पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि सिस्टम इन्टीग्रेटर संस्था मेसर्स आरमी इन्फोटेक द्वारा उपलब्ध कराये गये विवरण के अनुसार सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण अभी तक कई जनपदों में राशन वितरण बाकी है। इसके साथ ही कई जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों द्वारा भी वितरण तिथि बढ़ाये जाने का अनुरोध किया गया है।
इस स्थिति को देखते हुए खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने दिसंबर, 2020 में कराये जा रहे नियमित वितरण में आधार आधारित वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर किए जाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि इस व्यवस्था में ओटीपी के माध्यम से वितरण कराये जाने की तिथि 28 दिसंबर ही रहेगी। प्रदेश में अनाज वितरण को लेकर इतनी दिक्कत नहीं है, पिछले दिनों गोदामों में अनाज की उपलब्धता कम होने वजह से पीसीएफ ने उठान कराने से मना कर दिया था। इस वजह से पूर्वांचल के कई जिलों में वितरण के लिए अनाज की कमी हो गई थी। इस समस्या से निपटने के लिए जिन जिलों में जहां अनाज बचा था वहां से इसे मंगाकर कमी वाले जिलों को भेजने का फैसला किया गया था।