आम आदमी पार्टी ने अयोध्या में जमीन खरीद में घोटाले का आरोप लगाते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को घेरने की कोशिश की है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने 5 मिनट पहले 2 करोड़ रुपये में बिकी जमीन को 5 मिनट बाद 18.50 करोड़ रुपये में खरीद कर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये की चपत लगाई है।
संजय सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के नाम पर ट्रस्ट ने पूरे देश से चंदा लिया। देश की जनता ने भगवान श्रीराम में आस्था दिखाते हुए हजारों करोड़ रुपये चंदा भी दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में जनता के चंदे से जमा राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। उन्होंने दस्तावेज पेश करते हुए बताया कि अयोध्या में गाटा संख्या 243, 244 और 246 की जमीन की मालियत पांच करोड़ 80 लाख रुपये है।
उस जमीन को कुसुम पाठक, हरीश पाठक से सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी ने 18 मार्च 2021 को शाम 7.10 बजे खरीदा था। इस जमीन खरीद में अयोध्या के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और अनिल मिश्र गवाह बने थे। उन्होने आरोप लगाया कि पांच मिनट बाद ही 7.15 बजे यह जमीन श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीद ली और 17 करोड़ रुपये सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी के खाते में आरटीजीएस कर दिए।
ट्रस्ट में प्रस्ताव पास नहीं कराया
संजय सिंह ने कहा कि किसी भी ट्रस्ट में जमीन खरीद के लिए बोर्ड में प्रस्ताव पारित किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या चंपत राय ने जमीन खरीद से पहले ट्रस्ट में प्रस्ताव पारित कराया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले की ईडी और सीबीआई जांच कराने की मांग की है।