एलएमआरसी के एमडी पद के लिए जीतेंद्र त्यागी को सबसे मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। तीन प्रतिभागियों के नाम मुख्यमंत्री को भेजे गए हैं।
उनके पास डीएमआरसी का बेहतरीन अनुभव है, इसके अलावा इस पद के लिए जो अर्हता चाहिए थीं, वे सारी उनमें हैं। ऐसे में उनके नाम का कयास सबसे अधिक लगाया गया है।
टेक्नोक्रेट एमडी के लिए बुधवार को मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख सलाहकार ई. श्रीधरन और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार ने साक्षात्कार लिए थे।
जिसके बाद ये तय होता जा रहा है कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से ही एलएमआरसी का नया एमडी होगा।
इंटरव्यू के बाद जिन तीन लोगों के नाम मुख्यमंत्री को भेजे गए हैं, उनमें से दो डीएमआरसी में रह चुके हैं।
जो कि जीतेंद्र त्यागी और कुमार केशव हैं। जीतेंद्र त्यागी के नाम पर सहमति बनती नजर आ रही है। कुमार केशव कुछ समय पहले ऑस्ट्रेलिया में रहने के लिए जा चुके हैं।
मेट्रो रेल परियोजना के सिविल कार्यों को लेकर टेंडर भरने वाली कोरिया की एक कंपनी के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को मेट्रो के शुरुआती आठ किलोमीटर का रूट देखा।
इसके अलावा एलएमआरसी के ऑफिस में अधिकारियों से मुलाकात भी की। कंपनी के प्रतिनिधियों ने शहर को जानने और समझने को लेकर अधिकारियों से बात की।