फर्रुखाबाद में हादसे के बाद तालाब से कार निकालते लोग
- फोटो : amar ujala
फर्रुखाबाद के शमसाबाद क्षेत्र के उलियापुर गांव के पास शुक्रवार को 20 फीट गहरे तालाब में कार गिरने से लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट के वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) व उनकी पत्नी की मौत हो गई। दोनों लखनऊ से कायमगंज घर लौट रहे थे। हादसा कार का अगला टायर फटने से हुआ। इसके बाद फर्रखाबाद-कायमगंज मार्ग पर जाम लग गया।
मूलत: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ममापुर गांव निवासी अशोक गंगवार (59) परिवार के साथ लखनऊ के आशियाना में रहते थे। शुक्रवार दोपहर वह पत्नी रीना देवी (55) के साथ कार से गांव आ रहे थे। इस दौरान शमसाबाद के उलियापुर गांव के पास कार का अगला टायर फट गया।
इससे वह बेकाबू होकर सड़क किनारे तालाब में गिर गई। कार समेत पति-पत्नी पानी में डूब गए। यह देख ग्रामीण तालाब में कूदे और दंपती को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर पुलिस व एंबुलेंस पहुंची। दंपती को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां अशोक गंगवार को मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना पर आवास विकास कॉलोनी निवासी उनके साले आशुतोष अस्पताल पहुंचे। परिवारीजनों ने रीना देवी को आवास विकास तिराहा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई।