शहर के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुजुर्ग मरीजों को सप्ताह में दो दिन लाइन में लगने से मुक्ति मिलेगी। जून के प्रथम सप्ताह से शुरू होने वाली इस सुविधा की तैयारियां की जा रही हैं।
चिनहट, बीकेटी, माल, गोसाईगंज, मोहनलालगंज, काकोरी, मलिहाबाद, इंटौजा, सरोजनीनगर के आसपास रहने वाले गांवों के बुजुर्गों के लिए विशेष इलाज की व्यवस्था होगी।
इसको लेकर सीएचसी निदेशक ने सीएमओ को प्रस्ताव भेजकर स्टाफ और दिन निश्चित करने की जानकारी मांगी है। योजना के मुताबिक सप्ताह में दो दिन वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष क्लीनिक चलाई जाएंगी जिसमें फिजिशियन, हड्डी रोग, चेस्ट रोग और महिला रोग विशेषज्ञों का पैनल रहेगा।
स्पेशल सीनियर सिटीजन क्लीनिक में आने वाले बुजुर्ग मरीजों को विशेष सलाह के साथ पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट की सुविधा रहेगी। रेडियोलॉजी जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।