लखनऊ। फर्जी वे-बिल मामले में अब चारबाग डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी मधु श्रीवास्तव को भी निलंबित कर दिया गया है। इनसे पहले तीन कर्मचारी निलंबित किए जा चुके थे, पर वह बच गईं थीं। इस पर अमर उजाला ने सवाल भी उठाया था। परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक कार्मिक अंकुर विकास की ओर से उनका निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है।
परिचालकों से सांठ-गांठ कर भ्रष्टाचार कराने, भ्रष्टाचार में सहयोग कर परिवहन निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने, कर्तव्यों एवं दायित्वों का सही से निर्वहन न करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। मामले में निलंबित किए गए तीन कर्मचारियों में चारबाग डिपो के वरिष्ठ लिपिक व चेकिंग कक्ष प्रभारी मानेंद्र सिंह, वरिष्ठ लिपिक व बैग लिपिक इंद्रेश प्रताप सिंह और बुकिंग लिपिक घनश्याम पाल शामिल हैं।