मलिहाबाद। मलिहाबाद में बृहस्पतिवार रात महमूद नगर क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर राजाजीपुरम निवासी राहुल निगम (24) का अर्धनग्न शव मिला। क्षतविक्षत शव पर चोट के निशान के कई निशान हैं। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। राजाजीपुरम निवासी पिता संजय निगम ने बताया कि बेटा राहुल मलिहाबाद में छोटी कसमंडी गांव स्थित एक गोशाला में चाचा रामावतार के साथ रहकर करीब 11 वर्ष से नौकरी कर रहा था। बुधवार को बेटे का जन्मदिन था। वह पार्टी करने राजाजीपुरम आया था। पार्टी के बाद वह बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे मलिहाबाद के लिए निकाला था। शाम 6:30 उसने कॉल कर सही सलामत पहुंचने की सूचना दी थी। रात करीब 11 बजे लोगों को बेटे का शव रेलवे क्रॉसिंग पर पड़ा मिला। अर्धनग्न शव का सिर कटा हुआ था। जबकि एक पैर कटा हुआ अगल पड़ा था।
20 फीट दूर झोपड़ी में रखे मिले कपड़े
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल से करीब 20 फीट की दूरी पर स्थित आम की नर्सरी में एक झोपड़ी मिली। झोपड़ी में काली पन्नी रखी थी। इसमें राहुल के कपड़े, घड़ी, मोबाइल और तख्त के नीचे जूते पड़े मिले। बिना ढक्कन के एक टिफिन भी था। मोबाइल के जरिये ही राहुल की शिनाख्त हो पाई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि राहुल के शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों के तहरीर देने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।