परीक्षा स्पेशल खाली रवाना, अन्य ट्रेनें ठसाठस
शाम को रवाना हुई परीक्षा स्पेशल ट्रेन में थे सिर्फ 22 यात्री
लोक सेवा आयोग के परीक्षार्थियों के लिए शाम को जो स्पेशल ट्रेन चलाई गई, उससे तो सिर्फ 22 यात्री गए, लेकिन अन्य ट्रेनें ठसाठस भरकर रवाना हुईं। यहां तक कि इन ट्रेनों में रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को भी उनकी सीट नहीं मिली। वहीं चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन पर जब छात्रों की भीड़ उमड़ी तो सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना जीआरपी और आरपीएफ के लिए मुश्किल हो गया।
परीक्षा स्पेशल ट्रेन बरेली से शनिवार रात 11 बजे चलकर रविवार तड़के 4.05 बजे लखनऊ पहुंची। परीक्षार्थियों को वापसी में लखनऊ से शाम 7 बजे यह स्पेशल ट्रेन पकड़नी थी। मगर छात्रों ने इसका इंतजार ही नहीं किया। दोपहर में रवाना हुई ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे तैसे जीआरपी ने परीक्षार्थियों की कतारें तो लगवाईं लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पाया। पुष्पक एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और एसी एक्सप्रेस भरकर रवाना हुई।