लखनऊ। समकालीन और आधुनिक कला के प्रेमी हैं और इसकी खूबसूरती का दीदार करना चाहते हैं तो आप को कोकोरो आर्ट गैलरी जाना चाहिए। यहां वरिष्ठ कलाकार धीरज यादव की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। जॉपलिंग रोड के 13बी मदन मोहन मालवीय मार्ग स्थित कोकोरो आर्ट गैलरी का रविवार को फिल्मकार मुजफ्फर अली और सूफी कथक डांसर मंजरी चतुर्वेदी ने उद्धाटन किया। यह प्रदर्शनी 22 मार्च तक लगी रहेगी। कला प्रेमी गैलरी का सुबह 11 से शाम 8 बजे तक निशुल्क दीदार कर सकेंगे। यहां देश की सांस्कृतिक विरासत और विविध कलात्मक अभिव्यक्तियां 39 से अधिक पेंटिंग्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई हैं।
मुख्य अतिथि गैलरी की संस्थापक व क्यूरेटर वंदना सहगल, नवनीत सहगल भी मौजूद रहे। देर शाम उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी गैलरी का दीदार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता जैसे बड़े महानगरों की तरह लखनऊ में भी ऐसी प्रदर्शनी लगाई गई है, जो लखनवियों के लिए खास और रोचक से भरपूर है।