लखनऊ। बिजनौर में रविवार को शादी समारोह में मोहनलालगंज के हुल्लास खेड़ा निवासी सिक्योरिटी गार्ड हरिपाल सिंह ने अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक से दो राउंड हर्ष फायरिंग की। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर अरविंद सिंह राणा ने बताया कि हरिपाल सिंह मूलरूप से हरदोई के पिहानी गांव का रहने वाला है। वह बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। रविवार रात में हरिपाल बिजनौर के जालिमखेडा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां हर्ष फायरिंग करने लगा। किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो का पता चलने पर रात 12:20 बजे मौके पर पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से बंदूक, लाइसेंस, पांच कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।