मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न देशों और भारत के कई राज्यों में कोविड-19 की सेकंड वेव देखने को मिल रही है। इसेध्यान में रखते हुए प्रत्येक स्तर पर पूरी सतर्कता बरती जाए। आईसीयू बेड्स की उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जाए। उन्होंने लोगों से छठ पर्व का अनुष्ठान घर में ही रहकर करने की अपील की। कहा कि इसके लिए लोग अपने घर में टब अथवा अन्य किसी बड़े बर्तन में पानी भरकर अनुष्ठान कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा कोरोना के खिलाफ लड़ाई में यूपी मॉडल की सराहना किए जाने पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डब्लूएचओ की प्रशंसा सिद्ध करती है कि प्रदेश सरकार ने कोविड-19 से निपटने को सही रणनीति लागू की। उन्होंने कोविड-19 से बचाव व उपचार की व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। कहा कि कांटेक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस सिस्टम की व्यवस्था को पूर्व की भांति सक्रिय रखा जाए। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग पर खास ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक कोविड-19 की कोई कारगर दवा या वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो जाती है, तब तक सतर्कता ही बचाव है। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और मुख्य सचिव आरके तिवारी मौजूद थे।
टीम-11 के समन्वय से बेहतर परिणाम
सीएम योगी ने कहा कि टीम-11 ने समन्वय के साथ काम करके बेहतर परिणाम दिए गए हैं। काम की इस गति को आगे भी इसी प्रकार जारी रखा जाए। उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्रियता से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की मेडिकल टेस्टिंग रैंडम आधार पर की जाए।