होली बाद लखनऊ से दिल्ली व मुंबई लौटने वालों ने रेल टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि रेगुलर ट्रेनों में खासी संख्या में सीटें खाली होने के बावजूद स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है।
इस बार 19 मार्च को होली मनाई जाएगी। दिल्ली व मुंबई से बड़ी संख्या में लखनऊ निवासी त्यौहार मनाने आते हैं। इनकी वापसी की राह मुश्किल होती है, लेकिन इस बार ऐसे हालात नजर नहीं आ रहे हैं। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एसी एक्सप्रेस, तेजस, शताब्दी, लखनऊ मेल जैसी वीआईपी ट्रेनों सहित गोरखधाम, वैशाली, पद्मावत, फैजाबाद दिल्ली आदि ट्रेनों में सैकड़ों सीटें खाली हैं। मुंबई की ट्रेनों में भी लगभग यही स्थिति है। अवध एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, गोरखपुर एलटीटी, लखनऊ एलटीटी आदि में आसानी से सीटें मिल रही हैं। इनकी एडवांस बुकिंग भी की जा रही है।
इसके बावजूद दिल्ली रूट पर 30 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने व मुंबई रूट पर 35 के आसपास फेस्टिवल एवं स्पेशल ट्रेनें उतारने की तैयारी है। दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि स्पेशल व फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का किराया रेगुलर ट्रेनों की तुलना में डेढ़ गुने से अधिक होता है। लिहाजा रेलवे का फोकस इन ट्रेनों पर रहता है। यही वजह है कि कोविड के दौरान रेलवे रेगुलर ट्रेनों को स्पेशल बनाकर चलाता रहा और करोड़ों कमाए।
तेजस, गोमती की बुकिंग शुरू
गोमती व तेजस एक्सप्रेस सहित चेयरकार वाली ट्रेनों में एडवांस रिजर्वेशन पीरिएड शुक्रवार को खोल दिया गया। इसके बाद होली पर सफर करने वाले यात्रियों ने टिकट बुक कराने शुरू कर दिए।
आज से अवध रामगंज मंडी पर रुकेगी अवध एक्सप्रेस
बांद्रा टर्मिनस से बरौनी के बीच चलने वाली अवध एक्सप्रेस 12 फरवरी से 10 अगस्त तक अवध रामगंज मंडी स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेगी। ट्रेन रामगंज मंडी स्टेशन पर सुबह 11.13 बजे पहुंचकर 11.15 बजे चलेगी। वापसी में बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पर दोपहर 1.17 बजे पहुंचकर 1.19 बजे छूटेगी।
काशी विश्वनाथ में लगेंगी थर्ड एसी की दो बोगियां
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में थर्ड एसी के अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे। इससे यात्री सस्ते किराये में एसी कोच में सफर कर सकेंगे। वाराणसी से नई दिल्ली के लिए चलने वाली काशी विश्वनाथ में 21 फरवरी से पहली अप्रैल तक थर्ड एसी के दो कोच लगाए जाएंगे।