लखनऊ। वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-5 डी उपकेंद्र इलाके में चार जनवरी को 12 घंटे से ज्यादा देर तक बिजली गुल होने के मामले में इलाके उपखंड अधिकारी (एसडीओ) एवं जूनियर इंजीनियर (जेई) को निलंबित किया गया है। इस लापरवाही की एक कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। उम्मीद है कि, दोनों को अन्य दंड भी मिलेगा।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने एसडीओ अमित पोपले और अमौसी जोन के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव ने जेई विश्वकर्मा शर्मा को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया है। अमित को बरेली व जेई विश्वकर्मा को शक्ति भवन में संबद्ध किया गया है। मध्यांचल निगम के अफसरों ने बताया कि चार जनवरी को दोपहर करीब 12:55 बजे अचानक वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-6 बी और सेक्टर-6 सी फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। जो कर्मचारी मौके पर पहुंचे, वह बिजली चालू नहीं कर पाए। नाराज उपभोक्ताओं ने रात करीब आठ बजे उपकेंद्र का घेराव किया। मुख्य अभियंता महफूज अहमद पूरी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। हालांकि, उससे पहले जेई मौके पर पहुंच चुके थे। आधी रात 1:05 बजे बिजली चालू हो सकी। इस प्रकरण की शिकायत उपभोक्ताओं ने शासन से लेकर शक्ति भवन तक अफसरों तक दर्ज कराई। छह जनवरी को लापरवाही के आरोपियों पर कार्रवाई हुई।