कोरोना संक्रमण रोकने के लिए रेलवे स्टेशन पर लखनऊ के यात्रियों की स्क्रीनिंग व टेस्टिंग स्टेशन के बाहर ही जीआरपी की निगरानी में होगी। यही नहीं जीआरपी ही यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन भी कराएगी। साथ ही रेलवे, एयरपोर्ट व परिवहन के अधिकारियों को टेस्टिंग व स्क्रीनिंग के काम में अपने कर्मचारियों की भी टीम लगानी होगी।
इस आशय के निर्देश मंगलवार को जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश व पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर की मौजूदगी में हुई बैठक में दिए। स्मार्ट सिटी सभागार में कोविड-19 के नियंत्रण के संबंध में बैठक में डीएम ने कहा कि जरूरत के अनुसार रेलवे व परिवहन विभाग द्वारा टेस्टिंग व स्क्रीनिंग के लिए आउटसोर्सिंग पर भी स्टाफ लिया जाए। टेस्टिंग किट मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से दोनों विभागों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर सैनिटाइजेशन मशीन लगाए जाने और निरंतर सैनिटाइजेशन कराने के भी निर्देश दिए गए।साथ ही कहा गया कि पेयजल और खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। डीएम ने कहा कि नगर निगम द्वारा रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में पर्याप्त सैनिटाइजेशन व सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी पूर्वी केपी सिंह व रेलवे, परिवहन, जीआरपी व सीआईएसएफ के अधिकारी भी मौजूद थे।