अभिभावकों की सहमति से ही लौटेगी स्कूलों में रौनक
कोरोना संक्रमण के चलते बीते सात माह से बंद पड़े स्कूल परिसरों में रौनक अभिभावकों की सहमति के बाद ही लौटेगी।
सरकार की तरफ से जारी अनलॉक-5 के निर्देश के अनुपालन में जिला प्रशासन स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू कराने की एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) 10 अक्तूबर तक तय करेगा।
इसके लिए स्कूल संचालकों व अभिभावक संघ के साथ अलग-अलग बैठक कर आम सहमित बनाई जाएगी। इसके बाद राजधानी में स्कूलों के संचालन को लेकर दिशा निर्देश जारी होंगे। यह जानकारी डीएम अभिषेक प्रकाश ने शुक्रवार को दी।
डीएम ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल को लेकर काफी बातें ऐसी हैं, जिनको आमने-सामने बैठकर ही तय किया जा सकता है।
इसके लिए स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच सहमति बनाने का पूरा प्रयास प्रशासन करेगा। शासन स्तर से जारी निर्देश में भी साफ है कि छात्रों को स्कूल बुलाने के लिए अभिभावकों की सहमति जरूरी है।
स्कूल संचालक दे चुके अपनी तैयारियों की जानकारी
डीएम ने बताया कि अनएडेड निजी स्कूल एसोसिएशन की तरफ से अनलॉक-5 की जारी गाइडलाइन से पहले ही प्रशासन को अपनी तैयारियों के संबंध में जानकारी दी गई है। इसमें छोटे बच्चों की कक्षाएं अभी ऑनलाइन ही संचालित करने और सिर्फ 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का संचालन प्रोटोकॉल के तहत स्कूल में कराने का प्रस्ताव शामिल है। इसमें स्कूलों का संचालन दो शिफ्टों में करने, बच्चों की संख्या को विभाजित करने, प्रवेश व निकासी को कम से कम दो गेट खोलने, स्कूल में नियमित सैनिटाइजेशन करने और बिना मास्क के स्कूल में प्रवेश पर प्रतिबंध की बात कही गई है।
पुलिस प्रशासन देगा दुर्गा पूजा, रामलीला आयोजन की अनुमति
अनलॉक-5 के लिए शासन स्तर से जारी गाइडलाइन के बाद राजधानी में दुर्गा पूजा व रामलीला के आयोजन को लेकर चल रहा संशय भी खत्म हो गया है। डीएम ने बताया कि शासन के निर्देशों के आधार पर आयोजन की अनुमति को लेकर 10 अक्तूबर तक पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर एसओपी तैयार की जाएगी। इसके आधार पर ही पुलिस प्रशासन तय शर्तों के आधार पर पूजा समितियों व रामलीला कमेटियों को आयोजन की अनुमति देगा। उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद से ऐसे आयोजनों की कोई भी अनुमति जिला प्रशासन की तरफ से जारी नहीं होगी। डीएम ने बताया कि सिनेमा हॉल खोले जाने से पहले उनके प्रबंधन के साथ भी कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन को लेकर बैठक होगी।