बख्शी का तालाब के महीपतपुर गांव स्थित आदर्श सरस्वती जूनियर हाईस्कूल में सोमवर दोपहर करीब 2:30 बजे छुट्टी हुई थी। नर्सरी से कक्षा दो तक के 15 बच्चे स्कूली वैन (यूपी 32 एचसी 1626) में घर जा रहे थे। पीड़ित छात्र ने बताया कि वैन में चालक के अलावा तीन बच्चे आग बैठे थे, बाकी पीछे थे। बीकामऊ गांव के पास चालक के ठीक बगल में बैठे एक छात्र का पैर ब्रेक लीवर पर पड़ गया और वैन अनियंत्रित हो गई। गति तेज होने के कारण चालक का वैन से नियंत्रण खो गया और वह राजकीय नलकूप की सिंचाई टंकी से टकराकर पलट गई।
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, बच्चों को निकाला
हादसे के कारण चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण और राहगीर भागते हुए पहुंचे और किसी तरह से वैन को सीधा कर बच्चों को बाहर निकाला। इस बीच बीकेटी पुलिस भी आ गई। हादसे में मदारीपुर गांव निवासी कक्षा दो के छात्र अक्षांश, उनकी बहन एलकेजी की छात्रा विभा और केजी के प्रज्ञान के चेहरे पर काफी चोटें आ गईं। केजी के दिव्यांश, शानू, नर्सरी की सानिया, रुद्रांश केजी के आर्यन और यूकेजी के अभिनव मामूली रूप से चोटिल हो गए। छह बच्चे बच गए। पुलिस ने अक्षांश, विभा और प्रज्ञान को सौ शैया अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी अभिभावकों को दी। अस्पताल में इलाज के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ग्रामीणों का आरोप, पुलिस ने नाबालिग को छोड़ा, दूसरे युवक को पकड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि जब वैन चालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो उसने नहीं दिखाया। उसने ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनवाने की बात कही। वह अपनी उम्र 19 साल बता रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी चालक नाबालिग था। लोगों ने उसे पकड़ लिया था। मगर बीकेटी पुलिस ने इंदौराबाग निवासी 45 वर्षीय गुड्डू को हिरासत में ले लिया।
आरटीओ के तय मानक के विपरीत चल रही थी वैन
स्कूल वैन आरटीओ के तय मानकों के विपरीत चल रही थी। वैन का रंग पीला नहीं था। उसमें फर्स्ट एड किट नहीं थी। स्कूल का नाम व मोबाइल नंबर भी नहीं लिखा था। वैन में आठ बच्चों की जगह 15 बच्चे बिठाए गए थे।
तेज गति के दो चालान हुए थे
आरोपी चालक इससे पहले भी तेज रफ्तार में वैन चला चुका था। गति तेज होने पर वैन के दो चालान भी हो चुके थे। पहला 19 मार्च 2024 को एक हजार रुपये का और दूसरा 23 फरवरी 2026 को 7,547 रुपये का हुआ था।
हाईटेंशन लाइन के पोल से एक फीट दूरी से निकल गई वैन
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की टंकी से लगभग 15 फीट की दूरी पर सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन का पोल लगा है। इस पोल से तीन दिशाओं में लाइन गई है। टंकी से टकराने के बाद वैन पोल से मात्र एक फीट की दूरी से निकल गई। अगर पोल से टकराती तो बड़ा हादसा हो सकता था। एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक ग्रामीणों के आरोप निराधार हैं। तफ्तीश की जा रही है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई वैन
आदर्श सरस्वती जूनियर हाई स्कूल महीपतपुर के प्रबंधक वीएन द्विवेदी ने बताया कि चालक बीकामऊ में बच्चों को छोड़कर मदारीपुर जा रहा था। हरदौपुर की ओर से बाइक सवार अचानक वैन के सामने आ गया। उसे बचाने के कारण वैन अनियंत्रित होकर टंकी से टकराकर पलट गई। वैन में सिर्फ नौ बच्चे सवार थे। इसमें से केवल तीन को चोट आई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग व वैन को ले जाता ट्रैक्टर।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग व वैन को ले जाता ट्रैक्टर।