मूलत: बंगलुरु के रहने वाले गुरु सैयद सलाउद्दीन व्हीलचेयर को नि:शक्तता नहीं बल्कि शक्ति का प्रतिबिंब मानते हैं।
वह दिल्ली में एबिलिटी अनलिमिटेड के जरिये विशेष बच्चों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
सोमवार को उनके ग्रुप की ओर से संगीत नाटक अकादमी (एसएनए) में व्हीलचेयर पर प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर ‘अमर अजाला’ से विशेष बातचीत में उन्होंने अपने तमाम अनुभव साझा किए।
- व्हीलचेयर पर डांस का अद्भुत आइडिया महज संयोग से पैदा हुआ या फिर...?
मेरे पूर्वज मैसूर के राजाओं के यहां हकीम थे। लोगों का इलाज करना तो हमारे रक्त में है। महज 14 वर्ष की उम्र में मैंने कथक, भरतनाट्यम सहित डांस की कई विधाएं सीख ली थी। चूंकि, दादाजी हकीम थे, लिहाजा जब वे मरीजों का इलाज करते थे तो मैं इलाज के लिए लाए गए ‘विशेष’ बच्चों को डांस के स्टेप सिखाने लगता। उसी पल मुझे डांस की हीलिंग पावर का इस्तेमाल करने का विचार आया।
- इसके लिए किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा?
नए रास्ते बनाना और उन पर चलना आसान नहीं होता लेकिन हिम्मत हारकर घर बैठ जाना तो कायरता है। ऐसे समाज में तो डटकर मुकाबला करना चाहिए, जो जाति, धर्म और समुदायों के नाम पर बंटा हुआ हो। जब इन बच्चों के चेहरे पर खुशी देखता हूं तो सारी अवहेलनाएं छूमंतर हो जाती। शुरुआत में ऐसे बच्चों के घर जाता था, सैकड़ों परिवारों से मिला। खैर, मुझसे अधिक संघर्ष तो इन बच्चों ने किया है।
- किसी को तराशना आसान नहीं होता। आपका अनुभव कैसा रहा ?
पिछले दो दिनों में एसएनए में जो तालियों व वाहवाही मिली है, वो इन बच्चों की ही मेहनत है। जो किसी प्रेरणा से कम नहीं। यहां तक लोगों ने दांतों तले उंगलियां तक दबाई हैं। इसका ही नतीजा है कि देश-विदेश में तमाम पुरस्कार मिले। चेन्नई में बच्चों ने तीन घंटे तक व्हीलचेयर पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी, जो सबसे यादगार लम्हा है मेरी जिंदगी का। एक्चुएली व्हीलचेयर बिकेम सिम्बल ऑफ स्ट्रेंथ फॉर देम...
- आपको तमाम पुरस्कार मिले हैं, कुछ बताइए?
देश ही नहीं विदेशों में भी पुरस्कृत हो चुका हूं। 2007 में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से अलंकृत किया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सौ डांस थियेटर व अक्षम बच्चों की 10 हजार प्रस्तुतियां कराने का रिकॉर्ड दर्ज है।
इन विशेष बच्चों की प्रस्तुतियों की तस्वीरों के लिए क्लिक करें