लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में रविवार को घायलों की बेहतर देखभाल का प्रशिक्षण देने के लिए सेंसटाइजिंग एंड विजनिंग ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट इन हाॅस्पिटल्स एंड देयेर नोटिफिकेशन्स (सावधान) कोर्स का शुभारंभ किया गया। यह कोर्स रेजिडेंट के साथ ही नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल स्टाफ को डिजास्टर एवं पॉलीट्रॉमा (बहु-अंग आघात) प्रबंधन के क्षेत्र में मददगार साबित होगा।
ट्राॅमा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रेमराज ने बताया कि कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के निर्देश पर इस कोर्स की रूपरेखा तैयार की गई है। इसे ट्रॉमा सेंटर स्थित आधुनिक सेमिनार कक्ष में संचालित किया जा रहा है। सावधान कोर्स आपातकालीन स्थितियों में घायलों की शीघ्र पहचान, पुनर्जीवन, स्थिरीकरण व प्रभावी रिकॉर्ड प्रबंधन में दक्ष बनाएगा। कोर्स की कुल अवधि 30 घंटे है। दो महीने के इस कोर्स के दाैरान प्रतिभागियों को 15 घंटे के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ एक घंटे की मूल्यांकन प्रक्रिया से भी गुजरना होगा।
शिक्षण के समापन पर 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा के माध्यम से मूल्यांकन होगा।। 50 फीसदी अंक हासिल करने वालों को ही प्रमाणपत्र दिया जाएगा। कोर्स के शुभारंभ पर डॉ. सोमिल जैसवाल, डॉ. अमिय अग्रवाल, डॉ. सारिका गुप्ता, डॉ. अर्पित सिंह, डॉ. वैभव जैसवाल और डॉ. अरुणेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे।