आशियाना में सऊदी एयरलाइंस के ऑपरेटर कन्नौज के होली मुहल्ला निवासी पियूष कुमार शुक्ला (28) की मंगलवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह सेक्टर-के में रिश्तेदार अजय दीक्षित के साथ रहता था।
अजय का कहना है कि मंगलवार शाम वह ड्यूटी से लौटा तो पियूष का शव सीढ़ियों पर अंगौछे के सहारे लटका पाया। उसने पुलिस को पियूष के खुदकुशी की सूचना दी। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। एसओ संजय कुमार पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसओ ने बताया कि पियूष अमौसी एयरपोर्ट में सऊदी एयरलाइंस के ऑपरेटर के पद पर तैनात था। करीब सात साल से वह अजय के घर पर ही रह रहा था। अजय चिनहट की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसके पिता अतुल दीक्षित और मां इलाहाबाद एयरपोर्ट में तैनात हैं और वहीं रहते हैं।
सीढ़ियों पर अंगौछे से लटक रहा था शव
अजय ने बताया कि घर पर वह और पियूष अकेले रहते थे। मकान के दरवाजे पर इंटरलॉक लगा है, जिसकी दो चाबी हैं। एक अजय खुद रखता है जबकि दूसरी पियूष के पास रहती है।
अजय का कहना है कि मंगलवार सुबह वह ड्यूटी पर चला गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौटकर अपनी चाबी से इंटरलॉक खोलकर भीतर गया तो होश उड़ गए।
सीढ़ियों पर ही पियूष का शव अंगौछे से लटक रहा था। उसने खिड़की से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। अजय ने पियूष के परिवारीजनों और पुलिस को फोन कर सूचना दी। आशियाना एसओ ने कहा कि पियूष की मौत की छानबीन की जा रही है।
चार महीने पहले हुई थी शादी
- फोटो : demo pic
अजय ने बताया कि पियूष की शादी चार महीना पहले ही हुई थी। हालांकि, उसकी पत्नी का नाम वह नहीं बता पाया। एसओ ने बताया कि पियूष तीन भाई जयप्रकाश व उदित में सबसे छोटा था। उसके पिता विजय श्याम की मौत हो चुकी है। देर रात परिवारीजन आशियाना पहुंचे तो शव देखकर कोहराम मच गया।
खुदकुशी या साजिश! जांच में जुटी पुलिस
पियूष की मौत खुदकुशी है या इसके पीछे कोई साजिश है? पुलिस इसकी पड़ताल में जुट गई है। एसओ ने बताया कि पियूष ने खुदकुशी की तो इसकी वजह क्या थी।
कहीं उसकी पत्नी या परिवारीजनों से कोई अनबन या नौकरी में कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई। अगर उसने फांसी लगाई तो सुसाइड नोट क्यों नहीं लिखा। अगर उसके साथ साजिश हुई तो किसका हाथ है। कहीं अजय से पियूष का कोई विवाद तो नहीं चल रहा था।